बड़वानी। इस समय द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण चल रहा है। आप 1 अक्टूबर, 2023 तक अठारह वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं तो आप मतदाता बनने के पात्र होंगे। सरल प्रक्रिया पूर्ण करके आप मतदाता बनिये और लोकतंत्र की मजबूती में अपना योगदान दीजिए। ऑफलाइन और ऑनलाइन मतदाता बनने के विकल्प उपलब्ध हैं। ऑनलाइन आवेदन करना अधिक सरल और सुविधाजनक है। क्यूआर कोड, वोटर हेल्पलाइन एप तथा पोर्टल के माध्यम से आप ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक कार्य दिवसर पर बीएलओ आपके मतदान केन्द्र पर उपस्थित रहते हैं। आप उनकी सहायता लेकर मतदाता बन सकते हैं। ये बातें शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़वानी में में स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब द्वारा आयोजित किये गये विशेष शिविर में बड़वानी तहसीलदार जगदीश वर्मा ने कहीं। यह शिविर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राहुल फटिंग के निर्देशानुसार तथा प्राचार्य डॉ. दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस शिविर में मतदाता बनने के लिए बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। लगभग पांच सौ युवाओं ने इस शिविर में मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सोनु गोयल, बीएलओ मनोज बांधोकर एवं श्रीराम कुशवाह तथा विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविंद सोनी उपस्थित थे। विशेष शिविर का समन्वय कार्यकर्तागण प्रीति गुलवानिया और वर्षा मुजाल्दे ने किया। प्राचार्य डॉ. वर्मा ने कहा कि मतदान करना हम सभी का अधिकार और कर्तव्य है। हमारे मत से देश एवं प्रदेश में सरकारें बनती हैं। आप मतदाता बनकर प्रत्येक निर्वाचन के दौरान इस मतदान करें। नायब तहसीलदार सोनु गोयल ने कहा कि क्यू आर कोड को स्केन करके आप फार्म नंबर छह भर सकते हैं और मतदाता बन सकते हैं। बीएलओ मनोज बांधोकर और श्रीराम कुशवाह ने ऑनलाइन आवेदन करने में युवाओं की सहायता की। कुशवाह ने कहा कि अपना पूर्ण और सही पता लिखें। आपको डाक द्वारा मतदाता परिचय पत्र प्राप्त होगा। कम्प्यूटर ऑपरेटर सतीश यादव ने वोटर हेल्पलाइन एप्लीकेशन को डाउनलोड करने और उसके उपयोग करने के बारे में जानकारी दी। कॅरियर सेल की टीम के सदस्यों सुभाष चौहान, भियारी गुर्जर और डॉ. मधुसूदन चौबे ने पावर पाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से मतदाता बनने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्रदान की। संचालन वर्षा मुजाल्दे ने किया। आभार सुरेश कनेश ने व्यक्त किया। सहयोग जानकी बर्मन, पायल, राधा सूर्यवंशी, पूनम कुशवाह ने किया।