बड़वानी। इंदौर कमिश्नर मालसिंग शुक्रवार को जिले के दौरे पर आए। इस दौरान उन्होंने जहां नगरपालिका सेंधवा के सभागृह में जिला अधिकारियों की बैठक ली ।वही बैठक के पूर्व उन्होंने वरला क्षेत्र के अस्पताल एवं तहसील कार्यालय सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण भी किया । कमिश्नर वरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां पर मरीजों से चर्चा की और स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। अस्पताल में बैठी शुभीबाई और रवि से कमिश्नर ने पूछा कि किस काम से आए हो तो उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए आए है दो घंटे से बैठे हैं, पर प्रमाण पत्र नही बना है। इस पर कमिश्नर ने डॉक्टर से कहा कि इसी वक्त जन्म प्रमाण पत्र बनाकर दिया जाए। कमिश्नर के निर्देशानुसार दंपती को 10 मिनट में जन्म प्रमाण पत्र बनाकर दिया गया। कमिश्नर ने अपने हाथों से दंपती को जन्म प्रमाण पत्र सोपा जिससे दंपती काफी खुश हो गए और कमिश्नर का आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर मालसिंह ने अस्पताल में मौजूद डॉ. जितेंद्र बामनका को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सुविधा में किसी भी प्रकार के लापरवाही ना बरती जाए। सभी वाले मरीजों को दवाई गोली सहित संपूर्ण सुविधा प्रदान की जाए। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध एवं वितरित की गई दवाइयों का रिकॉर्ड भी रखा जाए। इसके बाद कमिश्नर वरला तहसील कार्यालय पहुंचे। नायब तहसीलदार कैलाश कन्नौजे और संतोष कोठारी से राजस्व विभाग के कार्यों की जानकारी ली। कमिश्नर ने कहा किसानों के राजस्व संबंधी कार्य में कोई लापरवाही नहीं बरतें और समय पर काम करें।