खरगोन। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा शनिवार को आनंद नगर स्थित कन्या महाविद्यालय में छात्राओं से रूबरू हुए। उन्होंने छात्राओं को सम्बोधित करते हुए जीवन में लड़ने और लड़कर जीतने का जज्बा जगाते हुए सफलता अर्जित करने के मूल मंत्र बताएं। उन्होंने पीटीएफएआर को जीवन के मूल मंत्र का सूत्र दिया। कहा कि पी- प्रोग्रामिंग, टी-थॉट, एफ-फीलिंग, ए-एक्शन और आर-रिजल्ट को जीवन में सफलता के सिद्धांत के रूप में प्रस्तुत किया। आगे कहा कि विद्यार्थी जीवन में इसे लागू कर प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रूचि को महत्व देते हुए कौशल हासिल कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकता है। प्रत्येक विद्यार्थी यदि ठान ले तो क्या कुछ नहीं हासिल कर सकता है? कलेक्टर वर्मा ने यहां जिला निर्वाचन अधिकारी की भूमिका निभाते हुए कहा कि हम मतदाता है और इसलिए हम ही सरकार है। आत्मनिर्भर बनने और कुशलता हासिल करने के गुर भी सिखाए। इससे पूर्व कलेक्टर वर्मा का प्राचार्य डॉ. एमके गोखले, आइक्यूएसी प्रभारी ड़ॉ अनुराधा ठाकुर द्वारा पुष्पगुच्छ प्रदान कर स्वागत किया।