नीमच। जिले सहित समूचे एमपी में फिर से मानसून एक्टिव हो गया है। कई जिलों में हल्की तो कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। नीमच जिले में 24 दिनों की लंबी खेंच के बाद हुई बारिश ने किसानों की चिंता को दूर कर दिया है। वहीं आम लोगों को भी तेज व उमस व गर्मी से निजात मिली है। जिले में चालू वर्षा काल में अब तक 19.5 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि प्रदेश में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। इसकी एक्टिविटी 30 सितंबर तक रहेगी। यानी बारिश का दौर करीब 40 दिन और रह सकता है। अभ उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर सिस्टम एक्टिव है। ट्रफ लाइन भी दक्षिण की तरफ शिफ्ट हुई है। यह ग्वालियर, दतिया, सतना होते हुए पूर्व उत्तर भारत की ओर जा रही है। पश्चिम-उत्तर मध्यप्रदेश के राजस्थान से लगे हिस्से में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं इंदौर-उज्जैन संभाग में, जबकि पूर्वी हवाएं भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर, शहडोल, रीवा में चल रही हैं। इस वजह से आज कई जिलों में भारी तो कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी झमाझम-
प्रदेश के रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, श्योपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी व सागर में भारी बारिश होगी। वहीं भोपाल, इंदौर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी में हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है।