खण्डवा। स्नेह यात्रा के चौथे दिन शनिवार को पंधाना विकासखंड के पंधाना सेवा बस्ती से महामंडलेश्वर संत स्वामी विवेकानंद पूरी जी महाराज एवं पूज्य संत दिव्यानंद जी महाराज के नेतृत्व में यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा ग्राम बिलुद, मांडवा, राजोला, राजपुरा, दीवाल, अस्तरीया सहित विभिन्न ग्राम पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्नेह यात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। यात्रा को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर संत स्वामी विवेकानंद पूरी जी महाराज ने कहा कि हम सब के भीतर एक ही ईश्वर विराजमान हैं ईश्वर कभी अपने संतानों में भेद नहीं करता है और हम सब को भी समाज में एक दूसरे के बीच समानता के भाव को जाग्रत करना है। इस दौरान उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का संकल्प है कि समाज में प्रेम, सौहार्द तथा समरसता का भाव जगाना है, इसके लिये स्नेह यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक ग्राम में स्वामी जी द्वारा ग्रामीणजनों को रक्षा सूत्र का बंधन किया गया। यात्रा के दौरान उपस्थित जन समुदाय को भारतीय समाज की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जगदीश पटेल ने बताया कि यह यात्रा पूरे प्रदेश के सभी विकासखंडों में एक साथ शुरू हुई थी। स्नेह यात्रा में साधु संत समाज ने आध्यात्म के रास्ते समाज में शांति, प्यार और सौहार्द का वातावरण निर्मित करने के लिए संवाद किया तथा सामाजिक एकता के संदर्भ में उपस्थित जन समुदाय को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। यात्रा के दौरान जिले में संत भ्रमण कर रहे और वहाँ की बस्तियों में जाकर समरसता के भाव से जन-मानस से संवाद कर रहे है। यात्रा में पंतजली योग पीठ, गायत्री परिवार, रामचंद्र मिशन के सदस्य सहित जन अभियान परिषद के सदस्य भी शामिल हुए।