कटनी। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं के आर्थिक स्वालम्बन, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार तथा परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने हेतु राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 प्रारंभ की गयी है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना अंतर्गत लाभांवित महिलाओं को सम्मिलित करते हुये 23 से 60 आयु वर्ग की महिलाओं की लाडली बहना सेना का गठन वार्ड एवं ग्राम स्तर पर किया गया है। इस हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग कटनी द्वारा जिला स्तर पर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया जिसमें प्रतिभागी के रूप में महिला एवं बाल विकास विभाग के सेक्टर पर्यवेक्षक को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया।
राज्य स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर श्री शिवेन्द्र चन्द्रवार, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग एवं श्री संतोष अग्रवाल, परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना, विजयराघवगढ़ द्वारा प्रतिभागियों को शासन की योजनाओं के साथ महिला अधिकार, आशंकित अपराध एवं उनसे बचाव जैसे विषय जिनमें साईबर अपराध से बचाव एवं सुरक्षा आदि विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। जिला उद्योग केन्द्र से श्री राजेश सहगल सहायक प्रबंधक एवं श्री आर0एस0 पाण्डेय, योजना प्रभारी, नगर निगम कटनी, श्रीमती सीमा शुक्ला (एनआरएलएम) द्वारा अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी, श्री नयन सिंह द्वारा कैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आदि के क्षेत्र में महिलाएं एवं बालिकाए अपनी समान पहुंच बना सके जैसे विषयों पर बात की गई।
प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा सेक्टर स्तर पर 21 एवं 22 अगस्त 2023 को प्रशिक्षण आयोजित किये जायेगे। जिसमें प्रतिभागी कटनी जिले में गठित कुल 1072 लाडली बहना सेना के समन्वयकर्ता (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता) को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जायेगा। इन समन्वयकर्ताओं (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता) द्वारा जिले की कुल 15687 लाडली बहना सेना के सदस्यों को ग्राम तथा वार्ड स्तर पर प्रशिक्षित किया जावेगा।