खरगोन। जिले की बरुड पंचायत में हो रहे निर्माण कार्याे पर खुद पंचायत के पंचों ने सवाल खड़े किए है। जनपद सीईओ सहित कलेक्टर को शिकायती आवेदन सौंपकर पंचायत द्वारा कराए जा रहे कार्याे में धांधली का आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की है। पंचों ने मय दस्तावेज कि शिकायत में आरोप लगाया है कि सरपंच-सचिव पर मनमानी करते हुए विकास कार्यों और निर्माण कार्यों के नाम पर फर्जी तरीके से मूल्यांकन कराकर वित्तीय अनियमितताएं की है।
शिकायती आवेदन में उपसरपंच राकेश कुमरावत, पंच गोपाल भावसार, पंच ललिता कुमरावत, पंच ममता दवाने, ज्योति कुशवाह आदि पंचों ने बताया कि पंचायत में 15वां वित्त एवं 5वां वित्त मद में लाखों रुपए की राशि का आहरण किया गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई विकास कार्य नही हुए। यहां तक की बिलों को बिना तकनीकी स्वीकृति एवं प्रशासकिय स्वीकृति, बगैर मूल्यांकन के पास करते हुए अपने चहेते लोगो के खाते में राशि का अंतरण कर दिया गया। पंचों ने जिन लोगो के खाते में विकास कार्याे की राशि डाली गई उनसे पूछताछ की मांग की है। इसके अलावा जलकर, भवनकर, बाजार ठेका राशि में भी बंदरबांट के आरोप लगाए है। 4 बिंदूओं के सौंपे शिकायती आवेदन में शासकिय राशि के दुरुपयोग के आरोप लगाए है।