विदिशा। फिलेटेली छात्रवृति योजना दीन दयाल स्पर्श योजना वर्ष 2023-24 के अन्तर्गत कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृति प्रदाय करने हेतु आवेदन पत्र 15 सितम्बर तक आमंत्रित किए जाएगे।
भारतीय डाक विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिसमें कक्षा 6 से 9वीं तक प्रत्येक कक्षा में चयनित 10-10 विद्यार्थियों को छात्रवृति प्रदान की जाएगी। छात्रवृति की राशि 6 हजार रूपए एक वर्ष के लिए देय होगी। योजना के लिए पात्रता हेतु आवेदक को संबंधित विद्यालय में स्थित फिलेटेली क्लब का सदस्य होना चाहिए, यदि किसी विद्यालय में फिलेटेली क्लब नहीं है तो विद्यार्थी, प्रतियोगी का किसी भी डाकघर में सक्रिय फिलैटली जमा खाता होना चाहिए। बिना फिलैटली जमा खाते के आवेदनों पर विचार नहीं किया जावेगा।
छात्रवृत्ति की राशि मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 9वीं तक के नियमित छात्रों को वार्षिक आधार पर वितरित की जाएगी। उक्त छात्रवृत्ति योजना में भाग लेने हेतु आवेदन पत्र नजदीकी डाकघर मे उपलब्ध होंगे तथा निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र 15 सितम्बर तक या उसके पहले संबंधित अधीक्षक डाकघर के कार्यालय के पते पर रजिस्टर्ड, स्पीडपोस्ट, साधारण डाक के माध्यम से प्रस्तुत करे। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जावेगा। आवेदन पत्र पर प्रवर अधीक्षक, अधीक्षक डाकघर, अथवा अपने निकटतम डाकघर से प्राप्त किया जा सकता है। अधिक जानकारी हेतु भारतीय डाक विभाग की वेबसाइट से अथवा संबंधित प्रवर अधीक्षक डाकघर, अधीक्षक डाकघर कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।