भोपाल। अगर आप आज टैक्सी से कहीं जाने वाले हैं, तो ये खबर आपके लिए है। सोमवार दोपहर करीब 12 से 3 बजे के बीच टैक्सी बुकिंग में समस्या आ सकती है। क्योंकि ओला और उबर से जुड़े टैक्सी चालक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय का घेराव करेंगे। करीब दो से तीन घंटे तक प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सैकड़ों टैक्सी चालक आरटीओ पहुंचेंगे।
टैक्सी यूनियन कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष नफीस उद्दीन ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील सिंह चौहान की मौजूदगी में हम अपनी मांगों को परिवहन विभाग के सामने रखेंगे। इसमें खास तौर पर महंगे पैनिक बटन, लगातार पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और कंपनी द्वारा लगातार बढ़ते कमीशन का विरोध किया जाएगा। नफीस उद्दीन ने बताया कि टैक्सी चालक लंबे समय से समस्याओं से जूझ रहे हैं। भोपाल में 1500 से 1800 टैक्सियां संचालित हैं।