शाजापुर। रक्षा बंधन पर्व को लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश की लाड़ली बहनों को सावन माह में सस्ता रसोई गैस सिलेंडर देने की घोषणा की है। सीएम की इस घोषणा के चलते गैस सिलेंडरों पर सब्सिडी शुरू हो गई है।
नवीन गैस एजेंसी के संचालक राजनारायण चौहान ने बताया कि सीएम के द्वारा सावन माह में लाड़ली बहनों को सस्ता सिलेंडर मुहैया कराए जाने का फैसला लिया गया है जिसके तहत जिन महिलाओं के खाते में लाड़ली बहना योजना की राशि आ रही है, उन बहनों को रसोई गैस सिलेंडर भरवाने पर सब्सिडी वाला सिलेंडर मिलेगा। चौहान ने बताया कि गैस सिलेंडर भरवाने पर हितग्राही को सिलेंडर की पूरी राशि देनी होगी, इसके बाद शासन के द्वारा घोषणानुसार राशि महिलाओं को उनके खाते में सब्सिडी के रूप में लौटाई जाएगी।
दो दिनों के बाद नही मिलेगा लाभ-
उल्लेखनीय है कि लाड़ली बहना सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 27 अगस्त को लाड़ली बहनों को सावन माह में रसोई गैस सिलेंडर सस्ते दामों पर उपलब्ध कराने का वादा किया था, जिसके चलते गैस सिलेंडरों को भरवाने पर सब्सिडी दी जा रही है। नवीन गैस एजेंसी संचालक चौहान ने बताया कि योजना का लाभ उन हितग्राही महिलाओं को मिलेगा जो अगस्त माह में अपना रसोई गैस सिलेंडर भरवाएंगी। चौहान ने अपील की है कि हितग्राही नवीन गैस एजेंसी से ज्यादा से ज्यादा रसोई गैस सिलेंडर भरवाकर योजना का लाभ लें, क्योंकि दो दिनों के बाद सब्सिडी का लाभ नही मिल सकेगा।