रतलाम। कृषि उपज मंडी में आज नीलामी बंद रखे जाने से नाराज किसान कलेक्टर और एसपी कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने बेवजह मंडी बंद किए जाने पर व्यापारियों और मंडी प्रबंधन पर प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग की। दरअसल सावन के आखिरी सोमवार को रतलाम कृषि उपज मंडी में नीलामी कार्य बंद रखे जाने किमान व्यापारियों ने की थी। इसके बाद आज कई किसान जानकारी के अभाव में अपनी उपज लेकर कृषि उपज मंडी पहुंच गए। जहां परेशान हो रहे किसान और किसान संगठन के कार्यकर्ता पैदल मार्च कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस प्रदर्शन में किसान नेता डीपी धाकड़ राजेश पुरोहित और समरथ पाटीदार सहित सैकड़ो किसान शामिल हुए।
दरअसल पूरे मामले को लेकर विरोध इसलिए भी है कि बीते दिनों ब्याज पर निर्यात शुल्क लगाए जाने के विरोध में किसान संगठनों ने कृषि उपज मंडी में नीलामी बंद कर विरोध दर्ज करवाया था। जिस पर पुलिस ने मंडी का गेट बंद किए जाने और जबरन नीलामी बंद करवाने के मामले में कुछ किसान नेताओं के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया था। वहीं, आज सावन सोमवार के आयोजनों का हवाला देकर व्यापारी संघ ने कृषि उपज मंडी में नीलामी बंद करवा दी। जिससे फसल मंडी में लेकर पहुंचे नाराज किसान और किसान नेताओं ने पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर मंडी नीलामी बंद करवाए जाने के मामले में व्यापारियों और मंडी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में किसानों को कलेक्टर महोदय के पास जाने की बात कही। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे किसान नेता कलक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के पास पहुंचे। जिस पर कलेक्टर ने जल्दी ही मंडी प्रबंधन व्यापारियों के संगठन और किसानों के संगठन के साथ बैठक आयोजित कर मंडी की विभिन्न समस्याओं के साथ मंडी में रहने वाले अवकाश पर चर्चा कर हल निकालने की बात कही है।