खरगोन। अत्यन्त गौरव एवं हर्ष का विषय है कि जनजातीय कार्य मंत्रालय नई दिल्ली एवं राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (एनईएसटी) दिल्ली के मार्गदर्शन में 22 अगस्त व 23 अगस्त 2023 के कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खरगोन के 10 विद्यार्थियों एवं शिक्षक विवेक पाण्डेय ने भाग लिया। 22 अगस्त को विद्यार्थियों ने प्रातः काल से ही राष्ट्रपति भवन का भ्रमण किया तथा दोपहर में महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा विद्यार्थियों को उपहार प्रदान किये गये। तत्पश्चात् शाम को भीमराव अम्बेडकर भवन नई दिल्ली से जनजातीय कार्य मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री अर्जुन मुंडा की अध्यक्षता में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंत्री मुंडा ने प्रेरणादायक व ओजस्वी अभिभाषण दिया। कार्यक्रम में शामिल छः राज्यों के विद्यार्थियों ने कैबिनेट मंत्री के साथ रात्रि सहभोज किया गया। 23 अगस्त को सभी विद्यार्थियों को संसद भवन में लोकसभा भवन, राज्य सभा भवन एवं संयुक्त भवन का भ्रमण करवाकर तत्संबंधित संपूर्ण जानकारी दी गई।
अत्यन्त रोमांचक व ज्ञानवर्धक भ्रमण पर विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों, समस्त स्टॉफ तथा प्राचार्य आशा गुप्ता ने हर्ष व्यक्त किया। विभाग के जिला अधिकारी, सहायक आयुक्त प्रशांत आर्य ने विद्यालय को बधाई प्रेषित की।