नीमच। जिले में पिछले 11 दिनों से जिले में बारिश का दौर थमा हुआ है। इस वर्ष प्रदेश के कई जिलों में मानसून की बैरूखी देखी जा रही है। नीमच जिले में भी इस साल चालू वर्षा काल में अब तक महज 20.9 इंच ही बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश की खेंच ने किसानों की चिंता को बढ़ा दिया है। किसानों का कहना है कि यदि आगामी कुछ दिन और वर्षा नहीं हुई तो फसलों को नुकसान पहुंचने लगेगा।
आईएमडी भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी प्रदेश में कोई मानसूनी सिस्टम एक्टिव नहीं है। इससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क है। हालांकि कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो रही है। 1-2 सितंबर को जबलपुर-शहडोल संभाग में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मानसून का ब्रेक भी खत्म हो जाएगा। बता दें कि सीजन में दूसरी बार मानसून ब्रेक हुआ है। इससे पहले 5 से 17 अगस्त तक मानसून ब्रेक रहा था।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बारिश-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में कहीं कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर में मौसम साफ रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे। वहीं मालवा के रतलाम, मंदसौर व नीमच जिले में भी दिनभर धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। इन जिलों में 2 व 3 सितंबर से फिर मानसून एक्टिव होगा।