बड़वानी। एसबीएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा सत्र 2023-24 में कला संकाय में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को कॉलेज के गौरवशालीे इतिहास से अवगत करवाया जा रहा है।
इसी श्रृंखला में कॉलेज के मुख्य भवन के लोअर हॉल के बाहर इंग्लिश में लिखे अभिलेख की सहायता से मुख्य भवन के निर्माण का इतिहास बताया। इस अभिलेख की व्याख्या करते हुए डॉ. मधुसूदन चौबे ने बताया कि इस अभिलेख से ज्ञात होता है कि 1933 से 1935 के दौरान देवीसिंह जी राणा साहिब के काल में बना यह भवन मूलतः विक्टोरिया हाई स्कूल था, जो 1956-57 में कॉलेज में बदल गया। कॉलेज के मुख्य भवन की लागत मात्र नब्बे हजार रुपये है। विद्यार्थियों को यह जानकर आश्चर्य हुआ कि इतना भव्य भवन केवल नब्बे हजार रुपये की लागत में बन गया। कार्यकर्ता प्रीति गुलवानिया और वर्षा मुजाल्दे ने बताया कि कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए कॉलेज का इतिहास जानना जरूरी है। इंटरव्यू आदि में भी इस तरह की जानकारी पर आधारित प्रश्न पूछे जाते हैं। अभिलेख का हिंदी अनुवाद कॉलेज में उपलब्ध अभिलेख का हिन्दी अनुवाद इस प्रकार है - विक्टोरिया हाई स्कूल बड़वानी की आधारशिला सम्माननीय कर्नल आरजे मेकनाब, ए.जी.जी.सी.आई. द्वारा 17 नवम्बर, 1933 को रखी गई। सम्माननीय केएस फिटजे, सी.आई.ई.आई.सी.एस.ए.जी.जी.सी.आई. द्वारा 20 फरवरी, 1935 को उपयोग के लिए घोषित किया गया। हिज हाइनेस देवीसिंहजी राणा साहिब के अल्पवयस्कता काल में आकल्पना और निर्माण बड़वानी दरबार के द्वारा किया गया तब दीवान बहादुर एच.एन.गोसालिया एम.ए., एलएल. बी. दीवान और राज्य परिषद् के अध्यक्ष थे। लागत 90000 रुपये। सहयोग पूनम कुशवाह, वर्षा मेहरा, भियारी गुर्जर, सुनील मेहरा, गीता वास्केला ने किया।