नीमच। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दिनांक 21 से 29 अगस्त 2023 के मध्य खेल सप्ताह का आयोजन किया जाना था I इसके अंतर्गत श्री सीताराम जाजू कन्या शासकीय महाविद्यालय में सर्वप्रथम क्रीड़ा विभाग, एनएसएस एवं एनसीसी इकाई के तत्वाधान में फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ बीना चौधरी द्वारा हॉकी का जादूगर कहलाए जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती पर छात्राओं को फिटनेस जागरुकता शपथ दिलवाई तथा उन्होंने छात्रों को शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस का जीवन में महत्व समझाया।
चौधरी ने कहा कि खेलने से न सिर्फ आपका शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि आपका मन एवं मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है खेल हमे स्ट्रेस फ्री होने में मदद करता है I आजकल गतिहीन जीवन-शैली के कारण लोगों में कई बीमारियां मोटापा, डायबिटीज, हार्ट अटैक बढ़ता जा रहा है I खेल आपको गतिशीलता देता है, एक्टिव एवं स्वस्थ बनाए रखता है, इसी के साथ खेल खेलने से आपकी तार्किक क्षमता बढ़ती है जिससे आपका मस्तिष्क तेज होता है। खेल करियर में आगे बढ़ाने में लाभदायक है। खेल व्यक्ति को अनुशासित बनाता है I सहनशक्ति, एकाग्रता में सुधार लेकर आता है और निर्णय लेने की क्षमता को भी बढ़ता है। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया जिसके अंतर्गत सर्वप्रथम लेमन रेस आयोजित की गई I इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गुनगुन ग्वाला, बीए द्वितीय वर्ष तथा द्वितीय स्थान पर खुशी मेहरा, बीए प्रथम वर्ष रही I इसी कड़ी में दूसरी प्रतियोगिता लंगड़ी रेस का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम स्थान कुमकुम चौहान, बीएससी तृतीय वर्ष तथा दूसरा स्थान उमा बैरागी बीए प्रथम वर्ष का रहा I तीसरी और अंतिम प्रतियोगिता बैडमिंटन आयोजित की गई, जिसमें प्रथम स्थान तनीषा कोठिया, बीएससी तृतीय वर्ष तथा द्वितीय स्थान हेमलता बनोधा, बीए तृतीय वर्ष का रहा I सभी विजेता छात्राओं को क्रीड़ा प्रभारी प्रो विजया वधवा ने शुभकामनाऐं व आशीर्वाद दिया I उपरोक्त सूचना महाविद्यालय के स्पोर्ट्स अधिकारी डॉ महेन्द्र राव ने दी I उपरोक्त सभी प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की I