नीमच। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के 1 सितंबर को नीमच आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन चाकचौबंद है। आज पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी द्वारा अपने अमले के साथ तमाम सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जायजा लिया गया। जैसा की विदित है कि कमलनाथ सुबह 10:30 बजे हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। एसपी अमित तोलानी ने मीडिया को बताया कि हवाई पट्टी के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस, फवारा चौक से रोड शो, टाउन हॉल का कार्यक्रम और उसके बाद सभा स्थल की व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने आवश्यक व्यवस्था की तैयारी कर ली है। वीआईपी के मार्ग को लेकर जगह-जगह पर जरूरत के हिसाब से पुलिस बल तैनात किए जा रहे हैं। रस्सा पार्टी, बेरिकेट्स की व्यवस्था की गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहेगा। यातायात को लेकर व्यवस्था इस प्रकार सुनिश्चित की गई है कि ट्रैफिक बाधा भी ना बने और ट्रैफिक को बाधा भी ना पहुंचा। इस दौरान एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, डीएसपी विमलेश उईके, थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सिसोदिया, यातायात थाना प्रभारी मोहन भर्रावत और पुलिसकर्मी के अलावा कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।