झाबुआ। वर्षा ऋतु पश्चात वाहक रोग मलेरिया, डेंगू, चिकनगुन्या इत्यादि के संभावित प्रसार को देखते हुए। इनके बचाव एवं नियंत्रण हेतु ग्रामों में फोगिंग करवाई जा रही हैं। जिसके अंतर्गत विकासखंड झाबुआ के ग्राम बिलीडोज में जिला मलेरिया अधिकारी डी.एस.सिसोदिया एवं जिला ऐपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ.रामनिवास द्वारा ग्राम बिलीडोज का भ्रमण किया गया।
उप स्वास्थ्य केन्द्र की इंचार्ज सीएचओ से सम्पर्क कर ग्राम में बीमारी के सम्बन्ध में जानकारी ली गई। विकासखंड के प्रभारी मलेरिया निरीक्षक धनसिंह चौहान द्वारा ग्राम में सघन लार्वा सर्वे एवं स्वास्थ्य विभाग के फील्ड वर्कर नारायण वसुनिया एवं रमेश भूरिया से फोगिंग कार्य करवा कर ग्रामीणों को वाहक रोग से संरक्षित किया गया। रोग प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के अन्तर्गत ग्राम की आशा कार्यकर्ता रविना भाबर एवं सीएचओ निकिता कटारा, राजेन्द्र हुरमाले सर्वलेंस वर्कर द्वारा घर-घर जाकर लार्वा सर्वे एवं फीवर सर्वे किया गया। प्रभावित ग्राम में रोग प्रतिरोधक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
सर्वे के दौरान घरों में मच्छर जन्य रोग परिस्थितियों का समाप्तिकरण किया गया एवं घरों में एक सप्ताह से अधिक जमा पानी से भरे कन्टेनर, पानी की टंकी, घरों में रखे पानी के बर्तनों, कूलर, सीमेंट की हौदी, घर की छतों पर जमा बेकार टायर, फूलदान, सीमेट टंकी तथा अन्य पानी के कन्टेनर को खाली करवाया गया। लार्वा पाये जाने पर तत्काल कन्टेनरों में लार्वानाशक का छिड़काव किया गया। सर्वे के दौरान ग्राम में पाये गये बुखार रोगियों की जांच एवं उपचार भी किया गया।