खरगोन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को दीनदयाल अंत्योदय योजना के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से जिले में दो अन्य रसोई का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री चौहान ने खरगोन सहित प्रदेश की 66 नवीन रसोई केंद्रों का उद्घाटन किया है। साथ ही उन्होंने पूर्व से संचालित हो रही रसोईयों के सम्बंध में राशि कम करने का निर्णय लिया है। अब खरगोन व महेश्वर में पूर्व से संचालित रसोई में 10 रुपये के बजाय 5 रुपये में पौष्टिक भोजन प्रदाय किया जाएगा। वही शनिवार से तृतीय चरण लागू किया गया है। साथ ही जिले के सनावद एवं बडवाह नगरीय निकायों में आज से नवीन रसोई केंद्रों का शुभारम्भ भी किया गया। खरगोन निकाय में नपा अध्यक्ष छाया जोशी, एसडीएम गाचले, सीएमओ निगवाल व एनयूएलएम के उमेश जोशी और परिषद के सदस्यों की उपस्थिति में बस स्टैंड स्थित रसोई केंद्र में फीता काटकर तृतीय चरण का शुभारंभ किया गया। इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी रसोई केंद्र पर किया गया।