नीमच। प्रकृति की मार से बर्बाद हो रहे सैंकड़ों किसानों ने आज लामबंद होकर जिला कांग्रेस के नेतृत्व में नीमच कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिवराज सरकार हाय हाय के नारे भी लगे।
एसडीम ममता खेड़े को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि वर्षा की लंबी खेंच के कारण खड़ी फसलें लगभग सूख चुकी है। आंशिक बारिश से राहत मिलने की संभावना नगण्य है। समूचे मालवा के साथ नीमच जिले में किसानों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। जीरन ब्लॉक कांग्रेस और ग्रामीण कांग्रेस के दोनों ब्लॉक के किसान नेताओं ने कहा कि यदि राज्य सरकार ने जल्द ही किसानों के हित में राहत भरा निर्णय नहीं लिया और मुआवजा राशि वितरित नहीं की तो किसानों के सामने जीवन मरण के हालात खड़े हो जाएंगे।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रशासन और राजस्व अमले से फसल नुकसानी का सर्वे कराकर मुआवजा राशि के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि किसानों के हित में निर्णय नहीं लिया गया तो नीमच जिले में कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर जन आंदोलन करेगी। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि शिवराज सरकार किसान विरोधी है।
इस दौरान अनिल चौरसिया, नंदकिशोर पटेल, उमरावसिंह गुर्जर, ओम शर्मा, मधु बंसल, मुकेश कालरा, विनोद दक, बलवंत पाटीदार, विनोद सिंह चौहान और बड़ी संख्या में कांग्रेसजन व किसान मौजूद रहे।