नीमच। विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं का मूड जानने के लिए वॉईस ऑफ एमपी की चुनावी यात्रा नगर-नगर व गांव-गांव पहुंच रही है। इसी कड़ी में आज मंगलवार को सबसे पहले वॉईस ऑफ एमपी की चुनावी यात्रा जावद विधानसभा के सिंगोली क्षेत्र में पहुंची। नगर के स्थानीय बस स्टैंड पर वॉईस ऑफ एमपी की टीम ने बीजेपी व कांग्रेस के पदाधिकारियों से अब तक हुए विकास व विकास के वादों को लेकर चर्चा की।
स्थानीय मुद्दों पर सरकार को घेरा-
इस दौरान स्थानीय मुद्दों को लेकर कांग्रेसियों ने क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा को घेरा और कहा कि जब से सिंगोली में भाजपा की सरकार व विधायक बने हैं तब से अब तक सिंगोली नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र विकास को तरस रहे हैं। कांग्रेस सरकार के समय के सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र व अस्पतालों की स्थिति में आज तक कोई सुधार नहीं हुआ है। चिकित्सकों की भी क्षेत्र में बहुत कमी है। बाणदा बांध की मांग हमारे पूर्वजों द्वारा उठाई गई थी जो आज भी महज मांग ही है। अब तक बाणदा बांध अस्तित्व में नहीं आया है। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। बिजली, सड़क व पानी की दिक्कत है।
भाजपाइयों ने किया पलटवार-
वहीं भाजपा ने भी कांग्रेसियों पर पलटवार करते हुए कहा कि विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के कार्यकाल में समूचे क्षेत्र का विकास हुआ है। ग्रामों को नगरों से जोड़ने के लिए सड़कों का निर्माण हुआ है। रतनगढ़ घाट सेक्शन बना है। सड़कों का जाल बिछने से आवागमन आसान हुआ है। अभी मंत्री सखलेचा ने चंबल सिंचाई योजना बनाई है। इस योजना के साकार होने के बाद किसान भाईयों के खेतों में 24 घंटे पानी आएगा। दिग्विजय सिंह की सरकार में बिजली कब आती थी पता ही नहीं चलता था। आज पूरे 24 घंटे बिजली मिलती है। भाजपा की सरकार ने चहुंओर विकास किया है।
मतदाताओं के बोल-
विधानसभा चुनाव से पहले जैसे ही मतदाताओं का मूड जानने वॉईस ऑफ एमपी की चुनावी यात्रा मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा के विधानसभा क्षेत्र सिंगोली पहुंची तो मतदाताओं ने भी कांग्रेस व बीजेपी दोनों ही पार्टी के नेताओं को जमकर कौंसा। मतदाताओं ने कहा कि दोनों ही राजनीतिक पार्टियों से समय-समय पर राज किया है। लेकिन क्षेत्र का विकास नहीं हुआ है। इस बार हम ऐसे उम्मीदवार को चुनेंगे जो क्षेत्र का विकास कर सके।