निम्बाहेड़ा। भारतीय जनता पार्टी से निम्बाहेड़ा-छोटीसादड़ी विधानसभा के प्रत्याशी एवं पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी 6 नवम्बर, सोमवार को शुभ मुहूर्त में अपना नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
भाजपा प्रत्याशी कृपलानी सोमवार को प्रातः 11.15 बजे रेलवे स्टेशन के समीप स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय से नामांकन रैली की शुरुआत करेंगे। यहां से कृपलानी अपने समर्थकों, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क करते हुए श्री द्वारिकाधीश मन्दिर, मोती बाजार, चित्तौड़ी दरवाजा, पंचौली चौराहा, चंदन चौक, परशुराम सर्कल होते हुए बस स्टैंड पर पहुंच कर सभा में परिवर्तित होगी। यहां भाजपा प्रत्याशी कृपलानी के समर्थन में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. किरोड़ीलाल मीणा सभा को सम्बोधित करेंगे। आमसभा के पश्चात कृपलानी अपने प्रस्तावकों के साथ रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत करेंगे। नामांकन रैली एवं आमसभा में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं साांस सीपी जोशी के भी सम्मिलित होने की संभावना है।
कृपलानी की नामांकन रैली को लेकर निम्बाहेड़ा भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, पूर्वी मण्डल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिमी मण्डल अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह शक्तावत, कनेरा मण्डल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़, छोटीसादड़ी नगर अध्यक्ष रामचन्द्र माली, पूर्वी मण्डल अध्यक्ष कैलाश गुर्जर एवं पश्चिमी मण्डल अध्यक्ष रमेश गोपावत सहित भाजपा के अग्रिम मोर्चों के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के समस्त क्षेत्रवासियों से इस नामांकन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है।