इंदौर। सिख समाज का नगर कीर्तन शनिवार सुबह 11 बजे से देर शाम तक निकलेगा। इसे लेकर पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्शन प्लान जारी किया है। डीसीपी मनीष अग्रवाल के अनुसार सुबह 11 से शाम 6 बजे तक एमजी रोड, आरएनटी मार्ग, मधुमिलन, जवाहर मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्शन रहेगा। इस दौरान जहां जरूरत होगी, वहां ट्रैफिक प्रतिबंधित किया जाएगा। लोगों को असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखेंगे। डीसीपी के मुताबिक चल समारोह के दौरान समस्त आकस्मिक सेवा में लगे वाहन जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन, शव वाहनों पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा। वाहन चालक चल समारोह के दौरान वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।
रीगल से शास्त्री ब्रिज, मृगनयनी तरफ व व्हाइट चर्च और छावनी चौराहा से मधुमिलन तरफ ट्रैफिक बंद रहेगा। नगर कीर्तन इमली साहिब गुरुद्वारा से शुरू होकर राजबाड़ा, मृगनयनी, जेल रोड चौराहा, कोठारी मार्केट चौराहा, शास्त्री ब्रिज, रीगल चौराहा से आरएनटी मार्ग होते हुए मधुमिलन चौराहा, पटेल प्रतिमा चौराहा, पटेल ब्रिज से नंदलालपुरा चौराहा जवाहर मार्ग से यशवंत रोड चौराहा होते हुए वापस इमली साहिब गुरुद्वारा पहुंचेगा।