रामपुरा। भारतीय सेना के तीनों अंगो के ऐसे वीर जवान जो देश की एकता, अखंडता की रक्षा एवं सीमाओं की सुरक्षा करते हुए शहीद हो गए या सदा के लिए दिव्यांग हो गए इन वीर जाबांज जवानों की कुर्बानी को याद करने के लिए राष्ट्र द्वारा हर वर्ष सशस्त्र सेना झण्डा दिवस शासन के आदेशानुसार 07 दिसम्बर को मनाया जाता है। वहीं 07 दिसम्बर को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस प्रतीक स्वरुप वाहन और टोकन ध्वज वितरण कर मनाया जाता है और प्रतिकात्मक ध्वजों के वितरण के दौरान स्वेच्छा से दी गई दान राशि एकत्रित की जाती है। इस निधि से प्राप्त दान राशि का उपयोग इन वीर सैनिकों के आश्रितों, दिव्यांग सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के पुनर्वास तथा कल्याणार्थ किया जाता है। इसके अलावा एकत्रित की गई राशि से पूर्व सैनिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति, पुत्री विवाह, दिव्यांगता अनुदान, अंत्येष्टि अनुदान, मानसिक शारीरिक दिव्यांग बच्चों हेतु अनुदान आदि पुण्य कार्य भी किए जाते है।
आने वाली 07 दिसम्बर को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस पर जिला नीमच केमिस्ट एसोसिएशन की शाखा रामपुरा द्वारा सोलह हजार रूपये की राशि जिला केमिस्ट एसोसिएशन नीमच अध्यक्ष अजीत गांग को सौंपी गई।