बुरहानपुर। जिले के शाहपुर नगर क्षेत्र में 90 वर्ष पुराने अवैध निर्माण पर शाहपुर नगर परिषद ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया है। बता दें कि यह अवैध निर्माण पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष युवराज महाजन का था, जिसे शनिवार को हटाने की कार्यवाही की गई।
आपको बता दें कि इस अतिक्रमण को हटाने के बाद शाहपुर क्षेत्र में राजनीति गरमा गई है। युवराज महाजन भाजपा के बागी नेता है, जिन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा का साथ छोड़ निर्दलीय प्रत्याशी का साथ दिया था। वर्तमान में नगर परिषद अध्यक्ष भाजपा के ही है। शाहपुर नगर की गलियारों में यही चर्चा है कि बदले की भावना से यह कार्यवाही की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ़ नगर परिषद सीएमओ जेपी गुहा ने इन सारी बातों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि नगर में और भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जा रही है। युवराज महाजन द्वारा भी अवैध रूप से दुकान और मकान बनाकर अतिक्रमण किया गया था, जिसे आज हटाया गया है।