शहडोल। जिले के ब्योहारी थाना अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 13 अंतरी टोला में एक कुएं से अनूपमा गुप्ता पिता राजेंद्र गुप्ता उम्र 19 वर्ष का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया। जिस कुएं से लाश बरामद हुई वह मृतिका के घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। नगर के बीच कुएं में युवती की लाश मिलने से नगर में सनसनी फ़ैल गई। युवती विगत तीन दिन पहले घर से निकली थी जो वापस नहीं लौटी। परिजनों ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराते हुए संदेही युवक के ऊपर कार्यवाही की मांग की थी।
परिजनों का आरोप है कि थाना प्रभारी व्दारा गंभीरता से न लिए जाने के कारण यह घटना घटी, जिस पर मृतिका के परिजनों ने थाना प्रभारी की उदासीनता से ऐसी घटना होने का सार्वजनिक आरोप लगाया। मौके पर कार्यवाही की मांग कर घंटों हंगामा किया। और पोस्टमार्टम रुम के बाहर रखे शव को लेने से इंकार कर न्याय की मांग करने लगे।
घटना स्थल पर पहुंचे एसडीओपी रविप्रकाश कोल ने परिजनों को कार्यवाही का भरोसा दिलाया और न्यायसंगत कार्यवाही कर जिले से फोरेंसिक टीम बुलाई। थाना प्रभारी की कार्यशैली और उदासीनता पर उनके खिलाफ भी कार्यवाही का आश्वासन दिया। इसके बाद सिविल अस्पताल के पोस्ट मार्टम रुम के बाहर शव परिजनों को सौंपा गया।
आपकों बता दें कि मृतका के परिजनों ने आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव लेने से इंकार करते हुए पूरा दिन पोस्टमार्टम कक्ष के सामने सैकड़ों स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए हंगामा किया। अब पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी की ये हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।