चित्तौड़गढ़। मालवा-मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में गुरुवार को भंडारा खोला गया। पहले दिन 6 करोड़ 17 लाख 75 हजार रुपयों की गिनती की गई। अगली काउंटिंग 12 फरवरी को की जाएगी। शुक्रवार को अमावस्या होने और अगले 2 दिन शनिवार, रविवार को बैंककर्मियों की छुट्टी होने के कारण गिनती नहीं की जाएगी। इस दौरान जिला कलेक्टर आलोक रंजन और एडीएम राकेश कुमार भी मौजूद रहे।
मंडफिया स्थित कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर में गुरुवार को चतुर्दशी पर भंडारा खोला गया। सुबह 11 बजे राजभोग आरती के बाद नोटों को दानपेटी से बाहर निकाला गया। मंदिर मंडल के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और बैंककर्मियों ने गिनती शुरू की। पहले दिन 6 करोड़ 17 लाख 75 हजार रुपयों की काउंटिंग की गई। इस दौरान जिला कलेक्टर आलोक रंजन और एडीएम राकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। उनके अलावा मंदिर मंडल अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर, सदस्य संजय कुमार मंडोवरा, ममतेश शर्मा, श्रीलाल पाटीदार, भैरूलाल सोनी, अशोक शर्मा, शंभू सुथार, भैरूलाल चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी नंदकिशोर टेलर, सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह राजपूत मौजूद थे।
भंडारे से निकली राशि की अगली गिनती 12 फरवरी को की जाएगी। शुक्रवार को अमावस्या होने के कारण ज्यादा भीड़ होती है। इसके अलावा शनिवार और रविवार को बैंककर्मियों की छुट्टी होने के कारण यह गिनती सोमवार को होगी। सोने चांदी का तोल भी आखरी दिन ही किया जाएगा।