नीमच शहर में इन दिनों हथियार बन्द चोरों के गिरोह ने आतंक मचा रखा है। शहर की पॉर्श कालोनियों में आये दिन चोर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बावजूद पुलिस अपनी गश्त बढ़ाने में नाकाम साबित हो रही है।
ऐसा ही एक ताजा मामला शहर की पंचवटी कॉलोनी से सामने आया है। यहां बीती 15- 16 फरवरी की दरमियानी रात चोरों ने जमकर आतंक मचाया। इनकी गैंग रात में मुंह पर कपड़ा बांधे, हाथ में डंडा लिए कालोनी में घुस आई और घर के बरामदे में रखे हुए सामान की चोरी करते हुवे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई। इन चोरों का बघाना थाना क्षेत्र की करीब आधा दर्जन कॉलोनियों में आतंक है। कॉलोनी के लोग अगर शोर मचाते हैं तो ये चोर पथराव कर फरार हो जाते हैं।
आपको बता दे कि बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली पंचवटी कॉलोनी सहित अन्य कॉलोनी में नकाबपोश चोरों का आतंक है। लाठी डंडों से लैस होकर करीब आधा दर्जन चोरों का ये गिरोह कॉलोनियों में जाकर वारदात को अंजाम दे रहा है। जबकि इस गंभीर मामले में पुलिस की लापरवाही भी चरम पर है। सिर्फ आवेदन लेकर पुलिस अपना कर्तव्य निभा रही है।
पंचवटी कॉलोनी के अध्यक्ष सुरेश खंडेलवाल ने बताया कि 15 फरवरी की मध्य रात्रि में करीब 6 चोर लाठी डंडों से लेस होकर कॉलोनी में आए थे। कॉलोनी में स्थित विक्रम अजमेरा के मकान से उन्होंने जूते-चप्पल भी चोरी किए। इसके अलावा पड़ोस के मकान की खिड़की तोड़ी व जब अंदर से रहने वालों ने शोर मचाया तो उन पर पथराव कर फरार हो गए। पथराव की इस घटना से कई लोगों को चोट भी आई है। यह पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है।
इस बारे में जब हमने थाना अधिकारी से फोन पर बात करना चाही तो उनसे संपर्क नही हो पाया।