दूदरसी। समाज सेवा का जज्बा जिनके दिल में हो और दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो कोई काम कठिन नहीं होता है। यह कहावत चरितार्थ होती है वरिष्ठ समाजसेवी गोवर्धन लाल आंजना पहलवान पर। यह समाज सेवा में हर दिन तत्पर रहते हैं।
आज 19 फरवरी को अपराह्न 2 बजे पंचायत समिति छोटी सादड़ी का राजकीय प्राथमिक विद्यालय भाटखेडा में वरिष्ठ समाजसेवी गोवर्धन लाल आंजना ने सभी स्कुली छात्र छात्राओं को ऊनी वस्त्र शाल स्वेटर एवं जर्सी वितरित की गई।इस अवसर पर एक सादे समारोह के तहत श्री आंजना ने अपने उद्बोधन में कहा कि मैं दस वर्षों से अनवरत सभी शालाओं में बालकों को हर वर्ष ऊनी वस्त्र वितरित कर रहा हूं और यह काम करने में मुझे सुकून मिलता है। बच्चे भगवान का रूप होते हैं इनकी सेवा करने से परमात्मा खुश होते और हमें भी पुण्य फल मिलता है। सभा को पूर्व सरपंच वरदीचंद आंजना ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण शाला की प्रधानाध्यापिका श्यामबाला राठौड़ ने दिया। सर्व प्रथम मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा किया गया। अतिथि देवो भव के तहत एक नन्ही सी बालिका ने मुख्य अतिथियों को कुमकुम का तिलक लगाकर स्वागत किया।इस अवसर पर दो विकलांग व्यक्तियों को भी शाल भेंट की एवं गांव की वृध्द महिलाओं को भी शाल भेंट कर उनका स्वागत किया गया।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राजमल आंजना बम्बोरा नाराणी मुकेश नागदा घीसालाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रधानाध्यापक जगदीश आंजना राजपुरिया भाटखेडी ने किया और आभार प्रधानाध्यापक राजमल आंजना ने व्यक्त किया।