चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय संत शिरोमणि सतगुरु रविदास मिशन की ओर से भक्तिमति मीराबाई के सद्गुरु संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती शनिवार को हर साल की भांति हर्षाेल्लास के साथ मनाई जाएगी। इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। एक विशाल शोभायात्रा शनिवार को निकाली जाएगी, जो जिले के विभिन्न गांवों से होते हुए चित्तौड़ दुर्ग पर पहुंचेगी। वहीं रात को एक सत्संग का आयोजन भी दुर्ग स्थित बिड़ला धर्मशाला में होगा, जिसमें सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
अखिल भारतीय संत शिरोमणि सतगुरु रविदास मिशन (गद्दी शुक्रताल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतगुरु स्वामी समनदास महाराज के परम शिष्य महात्मा राजकुमार दास ब्रह्मचारी के निर्देशन में हर वर्ष संत रविदास महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाता है। ऐसे में संत शिरोमणी सद्गुरु रविदास महाराज का जन्मदिवस शनिवार को है। इस उपलक्ष में धन्ना महाराज संग्रामपुर से गाजे, बाजे, डीजे के साथ सैकड़ो की संख्या में वाहनों के साथ शोभायात्रा के रूप में रवाना होगी। यह शोभायात्रा संग्रामपुर धूनी से सुबह 8.15 बजे रवाना होगी, जो शाम 5.30 बजे चित्तौड़ दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में सद्गुरु रविदास महाराज के चरण पादुका स्थल पर पहुंचेगी। यहां पर पूजा अर्चना की जाएगी। इसके बाद में बिरला धर्मशाला में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। रात को 8 बजे से बिरला धर्मशाला में संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास महाराज के विचारों पर सत्संग रखा जाएगा।
आयोजन को लेकर प्रचारक सतपाल दास महात्मा ने बताया कि यह शोभायात्रा धन्ना महाराज धूनी संग्रामपुर से प्रारंभ होगी, जो डूंगला मंगलवाड, चिकारड़ा, सांवलियाजी होते हुए जीवित समाधि शोराम महाराज धूनी पीपलवास पहुंचेगी। यहां पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा पुनः रवाना होगी जो बानसेन से होड़ा चौराहा, नाहरगढ़, शंभूपुरा चौराहा पहुंचेगी। यहां पर निंबाहेड़ा क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु भी इस शोभायात्रा में शामिल होंगे। बाद में यह शोभायात्रा चित्तौड़गढ़ शहर में सेंती, कॉलेज, कलेक्ट्रेट आवास, ओवरब्रिज, कलेक्टर कार्यालय होते हुए सुभाष चौक पहुंचेगी। यहां दुर्ग मार्ग स्थित बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर के दुर्ग स्थित संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास महाराज के मंदिर प्रांगण में पहुंचेगी। दुर्ग स्थित मंदिर पर पूजा की जाएगी। इसे लेकर परमालसिंह गोंदवाल ने बताया कि संत गुरु रविदास महाराज के जन्मोत्सव पर होने वाले आयोजन को लेकर आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। संयोजक मांगीलाल मेघवाल बिलोट ने इस आयोजन में भाग लेने वाले सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि आयोजन के दौरान पूरी तरह से अनुशासन बनाए रखें। भैरूलाल जटिया चिकसी ने बताया कि आयोजन में चित्तौड़गढ़ जिले के अलावा, यूपी, एमपी, पंजाब, हरियाणा के अनुयाई भी चित्तौड़गढ़ पहुंच चुके हैं।