नीमच। आराध्य देवी मां शबरी की जयंती आदिवासी भील समाज ने बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। शहर में भील समाज सेवा संगठन के तत्वाधान में शबरी जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। नीमच के मनासा रोड स्थित मां शबरी आश्रम पर मां शबरी की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद शोभायात्रा निकाली गई, जो नीमच सिटी के पीपली चौक यादव मंडी, इंदिरा नगर, भगवानपुरा चौराहा, मनासा नाका होती हुई फिर मां शबरी आश्रम पर पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन हुआ।
शोभायात्रा में शामिल महिलाएं सिर पर कलश और युवा हाथों में ध्वज उठाए डीजे की धुन पर झूमते गाते हुए चलीं। शोभायात्रा के समापन अवसर पर एक सामाजिक सभा का भी आयोजन किया गया। जिसमें समाज जनों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर समाजजनों का सामूहिक भोज कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। शबरी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने बड़ी संख्या में आदिवासी भील समाज के लोग नीमच शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी पहुंचे।