नीमच। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम बरुखेड़ा में कुएं में काम कर रहे हैं युवक पर पत्थर गिर गए जिसके कारण युवक के सर में गंभीर चोट लग गई और युवक की मौके पर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार 01 अप्रैल की शाम को 05 बजे डायल हंड्रेड पर सूचना मिली कि ग्राम बरुखेड़ा में कुएं की खुदाई का काम कर रहे हैं युवक की पत्थर गिरने से सिर में चोट लगकर मौत हो गई है। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक के शव को कुएं से बाहर निकाला एवं शव को जिला अस्पताल नीमच पहुंचाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक दिनेश पिता मंगला मुनिया जाति भील उम्र 25 वर्ष निवासी सतलिया पाटन तहसील कुशलगढ़ जिला बांसवाड़ा राजस्थान निवासी युवक मजदूरी करने के लिए गांव बरुखेड़ा में आया था। यहां कुएं में खुदाई का काम चल रहा था, जिसमें युवक कार्य कर रहा था। कार्य करते वक्त ऊपर से एक पत्थर गिरा और युवक के सर पर गंभीर चोट आई जिसके चलते युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है। युवक के परिवारजनों ने आरोप लगाया है कि जहां मृतक कम कर रहा था वहां बिना सुरक्षा साधनों के मजदूरों से काम करवाया जा रहा था जिसके कारण उक्त दुर्घटना हुई है। अगर सुरक्षा साधनों के साथ काम कर रहे होते तो आज ये स्थिति निर्मित नहीं होती।