नीमच। शहर के महू-नसीराबाद रोड स्थित एसपी कार्यालय का आज सुबह बंजारा समाज के सैंकड़ों लोगों ने घेराव कर दिया। ये सैंकड़ों लोग गत दिनों पड़ोसी खेत मालिक द्वारा छोड़े गए करंट से हुई पिता-पुत्र की मौत के मामले में मनासा थाने द्वारा कार्रवाई नहीं करने से आक्रोशित होकर यहां पहुंचे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मई को मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गोगलिया खेड़ी निवासी भारमल व उसके पुत्र उमेंद्र की करंट लगने से मौत हो गई थी। पड़ोसी खेत मालिक पर करंट छोड़ने का आरोप लगा था। उक्त मामले में फरियादी गोपाल पिता राम सिंह बंजारा ने आरोपी खेत मालिक अमर सिंह बंजारा सहित 16 लोगों के खिलाफ मनासा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बावजूद अब तक पुलिस ने संबंधितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसी बात से आक्रोशित होकर आज गुरूवार सुबह सैंकड़ों की संख्या में बंजारा समाज के लोग व मृतक के परिजन नीमच पहुंचे। जहां उन्होंने महू-नसीराबाद रोड स्थित एसपी कार्यालय का घेराव कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण ज्ञापन देने पहुंचे हैं। ज्ञापन में फिरयादी गोपाल पिता राम सिंह बंजारा ने आरोपी मदन पिता अमर सिंह बंजारा सहित 16 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मौके पर महिलाएं भी अधिक संख्या में मौजूद है। जो रो रोकर प्रशासन से न्याय की गुहार की मांग कर रही है।