नीमच। शहर के दशहरा मैदान में बीती रात सकल नाथ समाज के तत्वावधान में गोरक्षनाथ जी के प्राकट्य महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान के बीकानेर नोखा के पांच सदस्यों की टीम द्वारा रोमांचकारी अग्नि नृत्य की प्रस्तुति दी गई। अग्नि नृत्य में प्रहलाद नाथ और जसनाथ के साथ अन्य सदस्यों ने मुंह में अंगारे रखने का रोचक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। दल के सदस्यों द्वारा 21 बार मुंह में अंगारे रखे गए। जलते हुए अंगारों पर नृत्य और धधकते कोयले को मुंह में रखता हुआ देख उपस्थित जनों ने आश्चर्य के मारे मुंह में उंगलियां दबा ली। इसके बाद टाउन हॉल में लादू नाथ कांकरिया एंड पार्टी ने भजन संध्या की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य उमेश नाथ, विधायक दिलीप सिंह परिहार और निंबाहेड़ा के विधायक श्रीचंद कृपलानी खास तौर पर मौजूद रहे।