नीमच। विधानसभा क्षेत्र नीमच के विधायक दिलीप सिंह परिहार अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इंदौर जा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ चल रहे अन्य वाहन से दलौदा थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल सवार टकरा गया। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत हो गई। वहीं अन्य लोगों को चोट आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक दिलीप सिंह परिहार व उनके परिजन दो वाहनों में सवार होकर इंदौर जा रहे थे। विधायक परिहार का वाहन आगे और परिजनों का वाहन पीछे चल रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे एक मोटरसाइकिल सवार अचानक डिवाइडर से निकलकर उनके वाहन से टकरा गया। दुर्घटना में बाइक पर सवार प्रेम बाई पति बाबू दास बैरागी 35 साल निवासी बड़वन की मौत हो गई। वहीं उसका पति बाबू दास पिता विष्णुदास बैरागी 40 साल, प्रवेश पिता बाबू दास बैरागी 2 साल व वंशिका पिता बाबू दास बैरागी 9 साल को चोटें आई है, जिनका मंदसौर जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार ये लोग बड़वन से लखमखेड़ी मौसर में जा रहे थे। इसी दौरान लखमखेड़ी फंटे पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
दलौदा के थाना प्रभारी बीएस चौधरी ने बताया कि थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले लखमखेड़ी फंटे पर सड़क दुर्घटना हुई है। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हुई है। जब उनसे विधायक परिहार व परिजनों के वाहन के संबंध में पूछा तो उन्होंने कहा की जांच कर रहे हैं।