रतलाम। गो माता और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए श्री रुद्र महाकाल सेवा समिति द्वारा 108 महादेव मंदिर पूजन संकल्प यात्रा पूर्ण होने पर 108 पार्थिव शिवलिंगों का रुद्राभिषेक के साथ पूर्णाहूति की जा रही है। कार्यक्रम में मुख्य रुप से कालीचरण भय्यु जी महाराज शामिल हुए। कालीचरण महाराज ने शिव तांडव स्त्रोत की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम गुरुवार सुबह नर्बदानंद बापजी, स्वामी देवस्वरूपानंद जी, आत्मानंद जी सरस्वती महाराज समेत अन्य साधु-संतों के सानिध्य में हुआ।
गुरुवार को सैलाना रोड स्थित विधायक सभा गृह में कार्यक्रम में 108 यजमानों द्वारा मिट्टी के 108 पार्थिव शिवलिंग बनाकर रुद्राभिषेक किया गया। इसके साथ ही 108 नीम, 108 बरगद का वृक्षारोपण एवं 108 गोमाता के पूजन का भी संकल्प पूर्ण किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, युवामोर्चा जिलाध्यक्ष विपल्व जैन, पूर्व निगम अध्यक्ष दिनेश पोरवाल, राकेश मिश्रा, अदिति दवेसर, रत्नेश विजयवर्गीय समेत बड़ी संख्या में श्री रुद्र महाकाल सेवा समिति सदस्य व श्रद्धालू मौजूद रहे।