नीमच। 18 वर्षीय युवती तस्नीम के साथ नीमच में हुई दिल दहला देने वाली चाकूबाजी की घटना से आक्रोशित दाउदी बोहरा समाज और अली फाउंडेशन द्वारा आज मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधायक दिलीप सिंह परिहार और एसपी अंकित जायसवाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। बड़ी संख्या में पहुंचे समाज जनों द्वारा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि नीमच में बीती कल दाऊदी बोहरा समाज की युवती तस्नीम पिता मुर्तुजा के साथ स्थानीय गांधी वाटिका में सैंकड़ों लोगों के सामने चाकू बाजी की बर्बरतापूर्ण घटना घटित हुई। इस घटना ने पूरे नीमच को दहला दिया है। तस्नीम पर किए गए चाकू के कई वार ने शहर में कानून और व्यवस्था में विश्वास रखने वाले नागरिकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। रुह कंपा देने वाली इस वारदात से शांति प्रिय और अनुशासित बोहरा समाज दहशत में है। सभ्य समाज के लिए यह घटना शर्मसार कर देने वाली है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बेटी पढ़ाओ और बेटी बचाओ तथा महिला सशक्तिकरण का नारा देने वाली डॉ मोहन यादव की सरकार और पुलिस महकमा आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करे। आरोपी की अचल संपत्ति को नेस्तानाबूद किया जाए। मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार पीड़ित परिवार को इलाज हेतु आर्थिक मुआवजा प्रदान करे। युवती तसनीम और उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। ताकि सरकार और कानून व्यवस्था में आम जनता का विश्वास बहाल हो सके।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने पीड़ित परिवार को विधायक निधि से तत्काल 25000 रूपए देने की घोषणा की। विधायक परिहार को ज्ञापन सौंपने के दौरान तस्नीम के पिता की आंखों से आंसू बह निकले। रोते-बिलखते पिता को विधायक परिहार ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देते समय फखरुद्दीन बर्तन वाला, मुर्तुजा बुरहानी, नासिर अली, आरिफ पेट्रोल पंप वाला, अली असगर राज टूर, अब्बास साकरिया, अली असगर गौहर,जूज़र नीमच सीटी वाला, ताहिर बूटवाला, तालिब बाल्टी वाला, गुलजार, हुसैनी लोहा वाला और बड़ी संख्या में बोहरा समाज जन उपस्थित रहे। ज्ञापन का वाचन अब्दुल कादिर ईरानी और जूज़र हकीम जी ने किया।
