नीमच। शहर में मनासा रोड स्थित पीजी कॉलेज के पास एक मकान पर छत की शेन्टिंग का काम करते हुए करंट लगने से 45 वर्षीय व्यक्ति की दुखद मौत हो गई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 8.30 बजे नीमच के शासकीय स्वामी विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास में एक मकान पर मिस्त्री प्रभुलाल अहिरवार पिता मन्नालाल अहिरवार छत की शेन्टिंग का काम कर रहा था। तभी सरिये के पास से निकल रहे विद्युत तार के करंट की चपेट में प्रभुलाल आ गया और वह छत से गिर पड़ा। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस का स्टाफ पायलट अर्जुन कच्छावा और ईएमटी राहुल कुमार पाटीदार मरीज को 9 बजे करीब अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्रभुलाल की मौत हो गई। घटना की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रभुलाल के शव का परीक्षण जिला अस्पताल में किया जा रहा है। मृतक मूलतः जीरन का रहने वाला है। फिलहाल वे परिवार सहित नीमच सिटी के खेड़ी मोहल्ला में रह रहे हैं।
