चित्तौड़गढ़। श्री राजस्थान सर्राफा संघ प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक में सम्पन्न हुई। सर्वप्रथम गायत्री मंत्र व नवकार मंत्र के पाठ से बैठक का शुभारम्भ हुआ। प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया ने सभी सदस्यों का स्वागत व अभिवादन किया व संघ के अध्यक्ष सुभाष गुप्ता को बैठक के आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
बैठक में महामंत्री ने भीलवाड़ा सभा की कार्यवाही पढ़कर सुनाई जिसकी सदन ने सर्वसम्मति से पुष्टी की। तत्पश्चात् संविधान की समीक्षा व संशोधन समिति के संयोजक कैलाश जी अग्रवाल द्वारा संविधान का ड्राफ्ट प्रस्तुत किया गया जिस पर व्यापक चर्चा हुई। चर्चा में जगदीश सिंघल, जम्भूकुमार जैन, मातादीन सोनी, राकेश लड़ीवाला, नारायण डूंगरपुर, प्रदीप जैन डूंगरपुर, धीरेन्द्र समदड़िया नागौर, हंसराज अब्बानी, विश्वनाथ शर्मा, ओमप्रकाश मालानी, सत्यप्रकाश सोनी, अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने भाग लिया। चर्चा लगभग दो घंटे चली जिसमें सर्वसम्मत सुझावों को संशोधित संविधान में शामिल करने का निर्णय किया गया। बैठक में संघ के आम चुनाव शीघ्र कराने के लिये अध्यक्ष सुभाष गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी। संरक्षक सदस्य की राशि बढ़ाने तथा कार्यकारिणी सदस्यों की संख्या बढ़ाकर 101 करने पर भी सर्वसम्मति बनी।
बैठक में भिवाड़ी में ज्वैलर्स भाई की हत्या पर निन्दा प्रस्ताव पारित किया गया तथा सरकार को आगाह करने की जिम्मेदारी महामंत्री किशन पिछोलिया को सौंपी तथा दो मिनिट का मौन रख कर श्रृद्धाजंलि दी गई।
बैठक के दौरान संघ के सभी सदस्यों ने कहा कि वित्त मंत्री के सोने व चांदी पर आयात शुल्क घटा कर 6 प्रतिशत करने, चुनाव आयोग द्वारा आचार संहिता के दौरान व्यापारियों को परेशान नहीं करने के आदेश देने, राज्य सरकार द्वारा धरियावद मामले में पुलिस कर्मियों को बर्खास्त करने तथा उपभोक्ता मामले के मंत्री पीयूष गोयल द्वारा विवादित विज्ञापन को हटाने के लिये महामंत्री द्वारा लिखे गये पत्रों पर तुरंत कार्यवाही का होना संघ की ताकत को दर्शाता है। सभी से इस पर हर्ष व्यक्त किया।