मंदसौर। मालवा के मंदसौर शहर में आज ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात शख्स ने हनुमान मंदिर पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से एक व्यक्ति घायल भी हो गया। इसके बाद माहौल गरमा गया। बात बिगड़ता देख लोगों ने इलाके की दुकाने भी बंद करा दी। फिलहाल मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी बदमाश ने मंदिर पर पत्थर फेंका है। इसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने जमकर नाराजगी जाहिर की। फिलहाल घायल शख्स को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। फिलहाल इलाके में पुलिस की टीम मौजूद है। लोगों का कहना है कि जिन्होंने शांति भंग करने की कोशिश की, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
हालांकि किसी भी पुलिस अधिकारी ने इस घटना की अधिकृत पुष्टि नहीं की है। एसपी ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आमजन से शांति व सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी का प्रचार करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की हिदायत भी दी है।