मल्हारगढ़। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राजस्थान पासिंग एक कार से 2 लाख 20 हजार रुपए की कीमत का 1 क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद किया है। हालांकि, इस बार भी आरोपी नारायणगढ़ पुलिस के हाथ नहीं आ पाया है।
नारायणगढ़ थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चौथखेड़ी निवासी दिलीप पिता रतनलाल गायरी उसकी कार से टकरावद से बूढ़ा बादरी गांव की तरफ जाने वाला है। इस कार में अवैध रूप से डोडा चूरा की तस्करी की जा रही है। मौके पर नाकाबंदी की जाए तो आरोपी और मादक पदार्थ की धरपकड़ में सफलता मिल सकती है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की, कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए हुलिए वाली कार RJ 03 CB 1299 दिखाई दी जिसे रोकने की कोशिश की गई।
पुलिस को देख आरोपी ने कार भगाई और कल्याखेड़-मुंजाखेड़ी गांव के निकट झाड़ियों में कार छोड़कर भाग गया। कार की तलाशी में 6 प्लास्टिक के कट्टो में भरा 109 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ जिसकी कीमत 2 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने चोथखेड़ी निवासी दिलीप पिता रतनलाल गायरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।