बड़ीसादड़ी। उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम पंचायत बोरखेड़ा के लिंकोड़ा गांव में स्थित देवनारायण भगवान के मंदिर लिंकोड़ा भीमगढ़ परिसर में बुधवार रात्रि को एक दिवसीय देवनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया गया।
कथावाचक हरिराम प्रजापत सांगरिया और उनके सहयोगी रामलाल गमेती बागेलो का खेड़ा द्वारा कथा की संगीतमय शुरुआत की गई। कथा में बगड़ावत महाभारत, देव जन्मोत्सव, देव बाल लीला सहित देवनारायण भगवान की महिमा का विस्तृत वर्णन किया गया।
कथावाचक हरिराम प्रजापत ने कहा कि भगवान महादेव ने सवाई भोज की भक्ति से प्रसन्न होकर बगड़ावतों को 12 बरस की काया और 12 बरस की माया दी थी, जिससे बगड़ावतों ने गरीब और असहाय की मदद कर अमर नाम कमा लिया। उन्होंने यह भी बताया कि भगवान देवनारायण का जन्म साडू माता गुर्जरी की भक्ति से प्रसन्न होकर हुआ था, ताकि वह दुष्टों का नाश कर सकें।
इस आयोजन में गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने श्री देवनारायण भगवान की कथा सुनी। कथावाचक ने संगीतमय भजन गाए, जिन पर ग्रामीण नृत्य करते हुए दिखाई दिए।
मंदिर के सेवक नानूराम रावत ने बताया कि बुधवार रात्रि को जागरण का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि भगवान देवनारायण का जन्म आज से 1112 साल पहले हुआ था। कथा के समापन पर यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें 33 करोड़ देवी-देवताओं के नाम से आहुतियां दी गईं। इसके बाद पूर्णाहुति कर उपस्थित श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया।
वहीं गुरुवार को दुर्गाष्टमी के दिन गांव के समस्त ग्रामवासी आहुतियां देंगे। निशान जुलूस गांव के मुख्य चौराहे से होते हुए निकलेगा। ज्वारा विसर्जन के बाद मौसम के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद आए हुए मेहमानों को भोजन कराकर उपवास खोला जाएगा।
जय अम्बे गरबा मंडल लिंकोड़ा द्वारा गुरुवार रात्रि को लिंकोड़ा गांव में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गायक शंभू लाल, नारायणलाल गाडरी और भारत सिंह सिंगर शामिल होंगे। यह भजन संध्या पूरी रात जागरण के रूप में आयोजित होगी। इस बारे में जानकारी गांव के अध्यापक भंवरलाल मेघवाल ने दी।