कुकड़ेश्वर। जय मां भवानी मित्र मंडल द्वारा इस वर्ष भी कुकड़ेश्वर से महामाया भादवा माता तक 751 फीट लंबी चुनर यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यह विशाल पैदल यात्रा शुक्रवार शाम 4.00 बजे कुकड़ेश्वर के तमोली मोहल्ला स्थित मां भवानी माता मंदिर से डीजे और ढोल के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा में कई युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे।
चुनर यात्रा मां भवानी माता मंदिर से नीम चौक, बाजार, सदर बाजार, बस स्टैंड और पार्वती मंदिर से होते हुए मां भादवा माता की ओर बढ़ी। नगर में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूलों से इस यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से तैनात था।
श्रद्धालुओं ने करीब 35 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर महामाया भादवा माता को चुनरी अर्पित की और क्षेत्र की खुशहाली व समृद्धि की कामना की।