नीमच। नवरात्रि की महाअष्टमी पर शुक्रवार रात मालवा की वैष्णो देवी महामाया भादवा माता के दरबार में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। नीमच - मनासा मार्ग से पैदल यात्रा कर हजारों श्रद्धालु मां भादवा के दरबार में पहुंचे, जिनका अनेक स्थानों पर स्टॉल लगाकर सेवाभावी संगठनों और नागरिकों ने जलपान आदि से स्वागत किया। इस बार महाष्टमी के अवसर पर करीब 80 हजार से अधिक भक्तों ने भादवा माता के दर्शन किए। दरअसल इस बार अष्टमी 2 दिन गुरुवार और शुक्रवार अलग-अलग दिन पर लोगों ने मनाई। जिसके चलते भीड़ कम देखी गई। अश्विन नवरात्रि की महाअष्टमी पर माता के दर्शन करने के लिए भक्त पैदल, कार, बस और बाइक से माता के दरबार में पहुंचे। जिसके कारण भादवा माता मंदिर से लेकर बगीचे तक लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी रही।
पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद-
पैदल भादवामाता पहुंच रहे श्रद्धालुओं को देखते हुए पूरे मार्ग के साथ-साथ भादवामाता मंदिर परिसर में भी पुलिस और प्रशासन के द्वारा तमाम इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कैंप के साथ-साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
शुभ मुहूर्त में प्रारंभ हुआ हवन-
मां भादवा के दरबार में नवरात्रि की महाअष्टमी की रात्रि में पंडितों ने शुभ मुहूर्त में विधि विधान के साथ अष्टमी हवन प्रारंभ किया। इस अवसर पर एसपी अंकित जायसवाल, एसडीएम डॉ. ममता खेड़े, समाजसेवी अरुल अरोरा आदि ने हवन में भाग लिया। इस मौके पर मंदिर संस्थान प्रबंधक अजय ऐरन, सरपंच मिठूबाई नवलकृष्ण सुरावत सहित पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी कर्मचारी जनप्रतिनिधि आदि मौजूद थे। हवन की पूर्णाहुति ब्रह्म मुहूर्त में हुई।