इंदौर। मध्य प्रदेश के महू में आयोजित “जय बापू, जय भीम, जय संविधान” यात्रा की शुरुआत हो गई है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके मूल्यों की रक्षा के लिए जनता को प्रेरित करना था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस यात्रा में हिस्सा लिया और एक जनसभा को संबोधित किया। हालांकि, उन्होंने अपने भाषण में यात्रा के नाम का कोई जिक्र नहीं किया और पूरा फोकस सिर्फ संविधान और उससे जुड़े मुद्दों पर रखा। राहुल गांधी ने सभा में कहा कि संविधान भारत का आधार है। उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि देते हुए संविधान को सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया। उन्होंने जनता से अपील की कि वे संविधान के मूल सिद्धांतों को समझें और उसकी रक्षा के लिए एकजुट हों। उनका कहना था कि अगर संविधान कमजोर हुआ, तो देश कमजोर हो जाएगा।
राहुल गांधी का बीजेपी पर निशाना
राहुल गांधी ने अपने भाषण में सीधे तौर पर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा,”आज संविधान को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। सत्ता में बैठे लोग बाबा साहेब अंबेडकर और महात्मा गांधी के विचारों को कुचलने का प्रयास कर रहे हैं। ये लोग सिर्फ सत्ता के लिए काम कर रहे हैं, जनता के लिए नहीं।” उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के हर नागरिक को समान अधिकार देता है, लेकिन बीजेपी सरकार इसे खत्म करने की ओर बढ़ रही है। राहुल गांधी ने कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं है, यह देश की आत्मा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे संविधान की रक्षा के लिए एकजुट हों।
राहुल गांधी ने कहा कहा कि अगर आज संविधान कमजोर हुआ, तो कल आपका अधिकार भी छिन जाएगा। यह समय जागने और लड़ने का है। बीजेपी की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी सरकार में गरीबों, दलितों और पिछड़ों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार केवल कुछ उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है, जबकि आम जनता के मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है।
बीजेपी सरकार देश में बढ़ती गरीबी और बेरोजगारी के लिए जिम्मेदार
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी सरकार देश में बढ़ती गरीबी और बेरोजगारी के लिए जिम्मेदार है बीजेपी बाबा साहेब अंबेडकर और महात्मा गांधी के विचारों के विपरीत काम कर रही है। सरकार इन वर्गों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। राहुल गांधी ने अपने भाषण में जनता से कहा, “यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं है, यह लड़ाई देश के हर नागरिक की है। हमें संविधान की रक्षा करनी होगी और बीजेपी की विभाजनकारी नीतियों का सामना करना होगा।