सिंगोली। सिंगोली क्षेत्र के राजपूत समाज के साथ सर्व समाज ने शनिवार को कस्बा स्थित पुराने बस स्टैंड पर क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के हाथों भूमि पूजन का कार्यक्रम सम्पन्न कराया। कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि हमारे धर्म ग्रंथों ओर शास्त्रों से ही साइंस का जन्म हुआ है। परन्तु हमारे धर्म गुरुओं के एक मत नहीं रहने से हमारे ग्रंथों ओर शास्त्रों की विश्वसनीयता उतनी नहीं हो पाई जितनी एक मत साइंस की विश्वसनीयता बनी है।जबकी सच्चाई यह है कि शास्त्रों से सांइस आई है। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप ने धर्म की रक्षा के खातिर अपना सब कुछ न्यौछावर कर अपने धर्म ओर स्वाभिमान की रक्षा के लिए एक टीम बनाकर मुगलो से युद्ध लड़े और देश की रक्षा की। आज भी उसी तरह की टीम के साथ काम करने की आवश्यकता है। समारोह में भाजपा जिला महामंत्री अशोक सोनी विक्रम, मंडल अध्यक्ष राधेश्याम मेघवंशी नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम में बतौर अतिथि जिला मंत्री सुनीता मेहता, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल धाकड़, मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन, दिनेश जोशी, फुल कुमार मलिक, प्रशांत पालीवाल सहित सभी पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि उपस्थित थे।