नीमच। आज विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल द्वारा नीमच में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम ज्ञापन देकर आवारा कुत्तों के आतंक से आम नागरिक और गोवंश को मुक्त कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि शहर में आवारा कुत्तों का आतंक पिछले लंबे समय से है। जिसके चलते शहर के कई नागरिकों और छोटे-छोटे बच्चों के साथ गोवंश और बछड़ों को कुत्तों द्वारा शिकार बनाया जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा है कि मनुष्य तो अपनी पीड़ा बोलकर बता सकता है पर बेजुबान गोवंश अपनी पीड़ा कैसे बताएं। बजरंग दल ने बताया कि हिंदू समाज इस स्थिति से अत्यंत चिंतित है। ज्ञापन में कहा गया है कि डॉग शेल्टर और टीकाकरण के माध्यम से आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान किया जाए। आवारा कुत्तों को पकड़कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि नगर पालिका यदि इस ओर ध्यान नहीं देती है तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।