उज्जैन। एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में साढ़े 8 हजार से ज्यादा पुलिस कॉन्स्टेबल और सब इंस्पेक्टर की नई भर्तियां जल्द निकाली जाएंगी। हम सभी विभागों में भी भर्तियां लगातार निकाल रहे हैं। सरकार ने इससे पहले 6600 से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में पुलिस बैंड की फिर स्थापना होगी। इसके लिए पदों का भी सृजन किया है। पुलिस बैंड पुलिस का गर्व और गौरव है, जो अपनी प्रस्तुति से 26 जनवरी और 15 अगस्त के कार्यक्रमों को गरिमा प्रदान करता है।
दरअसल, शनिवार को उज्जैन पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह था, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में टीआई और एसआई स्तर के अधिकारियों ने फिल्मी गानों और भजनों पर डांस किया।
जवानों के लिए आवास निर्माण प्रक्रिया को सरल करेंगे
भोपाल रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर पुष्प वर्षा कर सभी पुलिसकर्मियों को होली की बधाई दी। इस दौरान सीएम ने कहा कि पुलिस जवानों के लिए आवास निर्माण की प्रक्रिया को सरल किया जाएगा, ताकि वे अपने घर का सपना पूरा कर सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छोटे कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए उनके लिए भी योजनाएं तैयार की जाएं।
नक्सली इलाकों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सली इलाकों में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। पुलिस बल को वाहनों की स्वीकृति दी जा रही है और नए थानों की मंजूरी भी मिल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज विरोधी ताकतों से निपटने के लिए पुलिस को हर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
पुलिस भर्ती और प्रमोशन को लेकर बड़ी घोषणा
सीएम मोहन यादव ने कहा कि होली के दूसरे दिन पुलिस और प्रशासन के साथ यह आयोजन सुखद अनुभव रहा। उन्होंने पुलिस में नई भर्ती की घोषणा के साथ ही अधिकारियों के प्रमोशन से जुड़े लंबित मामलों का जल्द समाधान करने की बात कही।
होली पर उज्जैन में नंगे पांव अंगारों पर चले लोग
उज्जैन जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर की दूर ग्राम गोयला बुजुर्ग में मन्नत पूरी होने पर नंगे पांव अंगारों पर चलने की परंपरा है। मान्यता है कि आग पर चलने से मन्नत पूरी होती है। साथ ही दुख का नाश होता है। सालों से चली आ रही इस परंपरा को देखने दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं।