नीमच। मालवा के प्रसिद्ध आरोग्य तीर्थ स्थल महामाया भादवा माता में चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी को भक्तों का सैलाब उमड़ा। शनिवार रात को हवन का आयोजन किया गया। देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां दी।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और एसपी अंकित जायसवाल ने पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुतियां दी। मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य और जनप्रतिनिधि भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। अंचल के लोग माता के जयकारे लगाते हुए पैदल यात्रा करके मंदिर पहुंचे। नीमच-मनासा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से यातायात प्रभावित हुआ। मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों स्टॉल लगाए गए। स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने श्रद्धालुओं को शरबत, फल, दूध, चाय और खाद्य सामग्री का निःशुल्क वितरण किया।
स्कूली छुट्टियों के कारण इस वर्ष युवाओं और छात्रों की भागीदारी विशेष रही। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह पुलिसकर्मियों को तैनात किया। यातायात व्यवस्था के लिए विशेष पेट्रोलिंग टीमें भी लगाई गईं।
महामाया भादवा माता मंदिर में प्रतिवर्ष नवरात्रि पर नौ दिवसीय मेले का आयोजन होता है। प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था करता है। मेले के दौरान माता का सुंदर श्रृंगार किया जाता है। मंदिर की छत का दृश्य आकर्षक होता है।