खरगोन। चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव नवग्रह की नगरी खरगोन में धूमधाम से मनाया जा रहा है। रामनवमी के अवसर पर शहर श्रीराम के रंग में रंगा नजर आया। मन्दिरो में जहां रामलला का विशेष श्रंगार हुआ। शोभा यात्रा में हजारो की संख्या में राम भक्त जय श्री राम के जयकारे लगाते हुए शहर के मुख्य मार्गाे से होकर गुजरे तो शहर राममय हो गया। सुबह कलश चौक स्थित श्रीराम मंदिर से रघुवंशी समाज ने शोभायात्रा निकाली जिसमे धर्म के साथ सामाजिक सांप्रदायिक सदभाव की बयार भी बही। श्री राम जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर रघुवंशी समाज ने भगवान श्री रामजी की भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा का तालाब चौक के पास सदभावना मंच के मुख्य संचालक अजीजुद्दीन शेख के संयोजन मे पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। रघुवंशी समाज के वरिष्ठ पूर्व विधायक परसराम डंडीर, रघुवंशी समाज अध्यक्ष दीपक डंडीर, श्रीराम जन्मोत्सव समिति अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने सदभावना मंच के स्वागत आयोजन क़ो सराहना की। सदभावना मंच के स्वागत आयोजन से सांप्रदायिक सदभाव का बड़ा संदेश खरगोन से देश प्रदेश मे प्रसारित हुआ है।