भोपाल। मध्यप्रदेश के कई जिलों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ के एक्टिव होने से ओले-बारिश का दौर जारी है। शनिवार सुबह इंदौर में हल्की बारिश हुई। वहीं, धार के बदनावर समेत आसपास के गांवों में 15 से 20 मिनट तक तेज पानी गिरा। सिंगरौली में शनिवार दोपहर में कई इलाकों में बारिश हुई। सरई, देवसर, चितरंगी और बैढ़न में कहीं तेज तो कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
भोपाल में सुबह बादल छाए रहे। फिर धूप खिल गई। मौसम विभाग ने ग्वालियर समेत 31 जिलों में आज बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओले गिर सकते हैं। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम, उज्जैन, रीवा, शहडोल, सागर संभाग के 31 जिलों में तेज आंधी चलने और बारिश होने का अनुमान है।
धार के कई गांवों में बारिश-
एमपी के धार जिले के बदनावर में शुक्रवार को बादल छाए थे, जबकि शनिवार सुबह 6 बजे से तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। कुछ गांवों में तेज तो कुछ जगह बूंदाबांदी हुई। इंदौर में भी मौसम बदला रहा। कई इलाकों में बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।